शहडोल, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की भावना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। जय स्तंभ चौक से गांधी स्टेडियम तक आयोजित दौड़ को अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रन फॉर यूनिटी का समापन गांधी स्टेडियम में हुआ। यहां विधायक श्रीमती मिनिषा सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल एवं जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा ने दौड़ में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

रन फॉर यूनिटी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, श्री संतोष लोहानी, श्री राजेश्वर उदानिया सहित नगर के गणमान्य नागरिकों, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, स्कूली बच्चों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, नगरपालिका के सेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए किया ऐतिहासिक योगदान

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। देश की स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से 562 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से एकीकृत और अखंड भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके असाधारण योगदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।