शिमला, हिमाचल प्रदेश को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. प्रदेश के दो जिलों में बारिश हुई है. शिमला और मंडी जिलों में सोमवार शाम को मौसम ने करवट ली और राहत की बौछारें पड़ी. हालांकि, हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी.

जानकारी के अनुसार, हिमाचल में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौजूदा सीजन में तापमान रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है. हीट वेव को देखते हुए में मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल, प्रदेश में बारिश के हालात बनते नज़र नहीं आ रहे हैं. लिहाज़ा पहाड़ों का ताप अभी और बढ़ने की संभावना है.

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र मैं मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि देश के साथ-साथ प्रदेश में भी मौसम साफ बना हुआ है. ऐसे में तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा कि बीते कल इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. संदीप शर्मा ने कहा कि बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ, लेकिन बेअसर रहा. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा. ऐसे में प्रदेश के मध्य ऊंचाई और निचले इलाकों में हीट वेव के बने रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने यह अलर्ट भी जारी किया है. संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 26 मई तक प्रदेश में मौसम के यूं ही साफ बने रहने की संभावना है.लिहाजा तापमान में भी लगातार दो से तीन डिग्री की बढ़त दर्ज की जाएगी.
शिमला और मंडी में बारिश

हिमाचल के मंडी जिले में सोमवार शाम को धर्मपुर, मंडी शहर सहित अन्य इलाकों में कुछ देर के लिए बारिश हुई. इसी तरह शिमला के मतियाना सहित आसपास के इलाकों में बरसात हुई. शिमला में अधिकतम पारा 30 डिग्री के करीब पहुंच गया है.

शहर    अधिकतम तापमान    हीट वेब
ऊना    44.2        धर्मशाला
नेरी    42.4        सुंदर नगर
मंडी    38.8        भुंतर
शिमला    29.5        सोलन
मनाली    27.0        पालमपुर
सुंदरनगर    40.3        गग्गल
धर्मशाला    36        बिलासपुर

सुंदर नगर में टूटा रिकॉर्ड
हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है. यहां पर 44.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है. इसी तरह,  मंडी के सुंदरनगर में पांच साल की गर्मी का रिकॉर्ड टूटा है. सुंदरनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि साल 2019 के बाद 2024 में क्षेत्र का पारा 40 डिग्री पार कर गया है. शिमला और धर्मशाला का 2022 के मुकाबले इस बार तापमान ज्यादा चल रहा है.