महबूबाबाद (तेलंगाना), महबूबाबाद जिले के केसामुद्रा में आज उस समय तनाव फैल गया जब अपनी समस्याओं को लेकर मंत्रियों से मिलने जा रहे कई सरपंचों को पुलिस ने रास्ते में ही हिरासत में ले लिया।बताया जा रहा है कि जिले के विभिन्न मंडलों के सरपंच आज महबूबाबाद कलेक्ट्रेट में चल रही समीक्षा बैठक में आए हुए राज्य के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी और पंचायती राज मंत्री सीतक्का से मिलकर अपनी समस्याओं और लंबित बिलों के बारे में बताने के लिए केसामुद्रा से रवाना हुए थे।लेकिन सरपंचों के काफिले को केसामुद्रा के पास ही पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने सभी सरपंचों को हिरासत में लेकर केसामुद्रा पुलिस स्टेशन में ले जाकर बैठा दिया। इस घटना से सरपंचों में भारी आक्रोश है।
सरपंच JAC के नेताओं ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि हम कोई अपराधी नहीं हैं, हम चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। हम सिर्फ लोकतांत्रिक तरीके से मंत्रियों को ज्ञापन देकर अपनी परेशानी बताने जा रहे थे। हमारा 6 महीने से बिल नहीं आया, हम पर कर्ज हो गया है, तो क्या हमारी बात सुनने के बजाय हमें गिरफ्तार करना सही है सरपंचों का कहना है कि सरकार एक तरफ पंचायती राज को मजबूत करने की बात करती है, दूसरी तरफ सरपंचों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। फिलहाल सभी सरपंच केसामुद्रा थाने में ही मौजूद हैं और मंत्रियों से मिलने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस घटना के बाद जिले में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है।